Saturday, August 21, 2010

क्योँ इश्क मेँ ???

क्योँ ज़माने भर मेँ
ये चर्चा आम हो गया,
इश्क करने वाला हर
शख़्स बदनाम हो गया...

जहाँ चँदा-चकोरोँ की
मिसालेँ दी जाती थी कभी,
देखो खराब आज वहीँ
कबूतरोँ का नाम हो गया...

कोई बँदिश सिर इश्क का
जहाँ झुका ना सकी कभी,
इज़्जत के नाम पर वहीँ
आज कत्लेआम हो गया...

पीना पड़ा था मीरा को भी
विष का प्याला कभी,
लेकिन आज हर घर मेँ
ये किस्सा आम हो गया...

मौत को गले लगाना
मजबूरी होती थी कभी,
पर इश्क करने वालोँ का
आज यही अंजाम हो गया...

Saturday, August 7, 2010

जीवन-रेखा...

तय नहीं है कुछ
जीवन की रूप-रेखा,
कैसे लिखा गया है
मेरी जीवन का लेखा...

नहीं पता कि कहाँ छूटा
वो बचपन का बसेरा,
और ना है अंदाज़ा कि
कहाँ होगा कल को डेरा...

दिल हो जाता है उदास
ना चाहते हुए भी यूँ ही,
अकेलेपन से हो गया प्यार
महफ़िलों में भी यूँ ही...

लगता है कि कुछ नहीं है
इस जीवन में बचा हुआ,
चक्रव्यूह सा लगता है
ये सारा जीवन रचा हुआ...

एक पल को लगता है आगे बढ़ कर
मैं खुशियों को मुट्ठी में कर लूँ,
फिर महसूस करूँ इनकी खुशबू को
और हँसते-हँसते सीने में भर लूँ...

पर क्या हो जब जीने का
उद्देश्य ही धुंधला पड़ जाये,
कोई राह नज़र ना आ पाए
और कदम ना आगे बढ़ पाए...

अनदेखी अनसुलझी जीवन-रेखा
बन कर आई एक पहेली,
इस व्यूह को भेदने की कोशिश में
मेरी कोई नहीं सहेली...

Thursday, August 5, 2010

कश्मकश...

अजीब सी कश्मकश,
शुरू कर रही है
मेरे वज़ूद को घेरना,
धीरे-धीरे
बिना आहट के,
दीवारों पर लगे
किसी अनचाहे दीमक की तरह...

बहुत मुश्किल होता है,
कल्पना और हक़ीकत
में से किसी एक को चुनने
का निर्णय लेना...
मन को घेरती हुयी
कश्मकश,
ऐसा करने नहीं देती...

कभी हक़ीकत की दुश्वारियां
रुला देती हैं इतना,
कि वास्तविकता को अपनाने से
डरता है इंसान...
और कभी ऐसा भी
देखने में आता है,
जब कल्पनाओं की सजीवता
और स्मृतियाँ
बांधे रखती हैं इंसान को
अपनी दुनिया से...

हर तरफ बस
एक भ्रम नज़र आता है...
वक़्त कभी हक़ीकत को
झुठला देता है,
तो कभी कल्पनाओं कि दुनिया
उजाड़ देता है...
ऐसे हालातों में
जब कश्मकश पैदा होती है,
तो इन हालातों के पास भी
कोई हल नहीं होता,
मन को घेरती हुयी
कश्मकश का...
फिर चाहे
वो मेरा मन हो
या किसी और का,
कश्मकश तो घेरती जाती है
सबके वज़ूद को,
किसी अनचाहे दीमक कि तरह...

कश्मकश की ये कहानी
चलती रहती है हमेशा,
और ना चाहते हुए भी,
पूरी ज़िन्दगी
यूँ ही काटनी पड़ती है,
अपनी कश्मकश से
थोड़ा-थोड़ा
रोज़ लड़ते हुए...

Tuesday, August 3, 2010

ना जाने क्यों...??

इश्क तो किया था हमने ज़माने सा जुदा,
ना जाने क्यों अंजाम सारे ज़माने सा निकला...

वफ़ा तो थी दोनों की मोहब्बत में मगर,
ना जाने क्यों ये वक़्त ही बेवफ़ा निकला...

सोचा था मंज़िलों पर महफ़िलें सज़ा करेंगी,
ना जाने क्यों हर रास्ता ही तनहा निकला...

इक मुद्दत सी हो गयी वो शहर छोड़े हुए,
ना जाने क्यों वहाँ कोई अपना ना निकला...

दिल ने कई अरमान, कई सपने सजाए थे,
ना जाने क्यों मेरे अरमानों का जनाज़ा निकला...

एक दर्द सा उठा आज फिर सीने में कहीं,
ना जाने क्यों आज भी हर ज़ख्म ताज़ा निकला...

कहना तो चाहा था बहुत कुछ तुझसे, मगर
ना जाने क्यों हर अल्फाज़ अधूरा निकला...

माँगा तो बहुत था तुझे दुआओं में हमेशा,
ना जाने क्यों मेरी किस्मत में तू ही ना निकला...

Thursday, July 22, 2010

इच्छाएँ और परिस्थितियाँ...

नयी इच्छाओँ ने जन्म लेना
शुरू कर दिया है...
ये कैसे हो गया?
अभी तो कई पुरानी इच्छाएँ,
अपने साकार होने की
प्रतीक्षा कर रही हैँ...
अब इतनी सारी इच्छाएँ
कैसे पूरी होँगी?
दिमाग ने सोचने से
मना कर दिया है,
कह रहा है- "मन से जन्मी इच्छाएँ,
मैँ नहीँ सुलझाऊँगा.."
और मन कह रहा है-
"फिक्र मत करना और सबकुछ
परिस्थितियोँ पर छोड़ देना,
क्योँकि ये परिस्थितियाँ
या तो इच्छाएँ पूरी कर देँगी
या फिर स्वत: ही उन्हेँ दबा देँगी.."
अब सोच रही हूँ कि
क्योँ ना अपनी नयी-पुरानी इच्छाओँ के साथ,
करूँ परिस्थितियोँ का इंतजार...
आखिर,
परिस्थितियोँ पर ही तो निर्भर है,
इन इच्छाओँ की परिणीती...

Tuesday, July 20, 2010

अधूरापन...

कई दिनोँ बाद
खोला था वो पुराना संदूक।
कुछ कपड़े,
कान के झुमकोँ की पोटली
और एक डायरी,
किसी कैदी की तरह
चुपचाप बैठे दिखे।
ये सब भी मेरी तरह ही,
उस ख्वाब की निशानियाँ थी
जो आँखोँ मेँ सजा तो सही
पर हकीकत ना बन पाया।
जो कुछ भी था वो,
पर एक ख्वाब से परे तो ना था...
कोई विशेषण भी नहीँ था,
जो इस ख्वाब के मायने बढ़ाता।

हर महिने की
एक तयशुदा तारीख को खुलने वाला वो संदूक,
वो कपड़े, वो झुमके,
वो फटती हुई ज़िल्द वाली डायरी,
सब पुराने हो चले थे,
पर उनमेँ आज भी
उस अधूरे रिश्ते के ख्वाब की झलक दिखती है।

आज सोचती हूँ,
रिश्ते जब चाह कर भी जुड़ नहीँ पाते,
तो अधूरे रह जाते हैँ...
ठीक उसी तरह,
जैसे कोई तस्वीर के
पूरी होने से पहले ही
रंग खत्म हो जाए...
और तब,
अधूरे रिश्ते भी अधूरी तस्वीर से नज़र आते हैँ।

रिश्ते होँ या तस्वीरेँ,
प्यार से ही सँजोये जाते हैँ,
बिलकुल
एक मीठे ख्वाब की तरह...
पर अगर ऐसा
कभी संभव ना हो तो,
रिश्ते होँ या तस्वीरेँ,
अधूरे रहने पर
अधूरा ख्वाब बन जाते हैँ...
और जीवन मेँ
अधूरापन छोड़ जाते हैँ...

Monday, July 19, 2010

मेरा गाँव...

शहर के पक्के मकान की छत से
सामने दिखने वाली,
उस ऊँची पहाड़ी की तलहटी पर
धीरे-धीरे सूखती हुई
एक नदी है,
जिसके किनारे बसा है
एक छोटा सा गाँव...

कुछ साल पहले तक,
उधर चीड़ और देवदार के
घने जंगल हुआ करते थे,
वँहा की साफ पानी वाली नदी
सूखी नहीँ थी,
मिट्टी के मकानोँ मेँ भी
रिश्ते पनपते थे,
लहलहाते खेतोँ मेँ पूरे साल
फसलेँ खिलती थी...
सब लोगोँ मेँ प्यार भरा था,
सब मन के सच्चे थे,
दादी से कहानी सुनने वाले
सब बच्चे अच्छे थे,
ये मेरा गाँव था...

दिन बीते, महीने बीते,
कई साल बीत गये...
पेड़ कटते गये,
नदी सूखती गयी,
ना अब वो घने जँगल रहे,
ना मीठे पानी की नदी...
मिट्टी के मकान भी
पत्थर-सीमेन्ट के हो गये,
और अब खेतोँ मेँ भी
फसलेँ कम खिलती हैँ...
लोगोँ ने भी अपने तक रहना
शुरू कर दिया,
और दादी की कहानियाँ भी
बच्चोँ की राह मेँ सो गयी...

लेकिन,
ये अब भी
मेरा गाँव था...
वो गाँव,
जो पक्की सड़कोँ से
शहर तक जुड़ रहा था,
जँहा के लोग नौकरी के लिए
शहर मेँ बस चुके थे...

शायद,
धीरे-धीरे
मेरा गाँव बदल रहा था...

Sunday, July 18, 2010

प्रेम मेँ...

तुम्हारा आना
तपती रेत पर
पानी के फव्वारे सा लगा,
जिसने मेरे तपते मन को
शीतलता पहुँचायी थी...

तुम्हारा मिलना
दिन मेँ देखे
सपने के पूरा होने सा लगा,
जिससे मेरे जीवन मेँ
नई रंगीनियाँ छायी थी...

तुम्हारा देखना
मुझ पर पड़े
चमकते प्रकाश सा लगा,
जिसने मेरे चेहरे की
सुन्दरता बढ़ायी थी...

तुम्हारा बोलना
सुध-बुध खो
देने वाली आवाज़ सा लगा,
जिसके लिए मैँ
बरसोँ से बौरायी थी...

तुम्हारा मुस्कुराना
खिले बाग मेँ
आयी नई बहार सा लगा,
जिससे मेरे जीवन मेँ
खुशियाँ आयी थी...

तुम्हारे पास होने की अनुभूति ने
जीवन का एक
अलग रूप दिखाया था...
अच्छे से तो याद नहीँ पर
शायद,
ऐसा ही हुआ था
प्रेम मेँ...