Thursday, February 6, 2014

बाँध...

आख़िर हो ही गयी
हमारे रिश्ते की इंतहा
और थोड़ी सी जुटा के हिम्मत
तुम्हारे मन ने भी कह दिया
"अब मुझे जाने दो..."
मैंने चाहा था ये
कि तुम्हें रोक सकूँ
ताकि रुक जाये
एक ऐसी वजह जीने के लिए,
जो ज़रूरी थी
मेरी साँसों के लिए भी...
लेकिन,
मुझसे रोका ना जा सका तुम्हें,
ना ही जता पायी
मैं तुम पर अपना हक़
और खड़ी हो गयी चुपचाप
मुँह फेर के तुमसे...
शायद,
कहीं मन के किसी कोने में
दबा हुआ सा डर
रहा हरदम हावी
कि कहीं मेरे आँखों की नमी
तुम्हें भी बहा न ले जाये...

तुम चले गये
बिना कोई आहट किये
मेरी दुनिया से कहीं दूर
और मैं खड़ी रही
उसी तरह उसी मोड़ पर,
तुम्हारी यादों का
उफ़नता हुआ सैलाब लिए...
आख़िर बनना था मुझे
ख़ुद एक बाँध
ख़ुद की भावनाओं के लिए,
ताकि बचा सकूँ मैं तुम्हें
अपनी भावनाओं के सैलाब में
डूब के बर्बाद हो जाने से...
और फिर इस तरह
सैलाब को रोकने के लिए
मेरे ख़ुद के बने बाँध ने
मुझे जाने-अनजाने बना डाला
एक ठहरी हुयी नदी...

Thursday, January 23, 2014

समीकरण...

एक नन्हा सा पल था
बिलकुल नन्हा सा
इतना कि जिसमें वो
बारिश की पहली बूंद
तय कर लेती थी अपना सफर
आसमान से ज़मीन के बीच का
और पाते ही मिट्टी का स्पर्श
बिखर जाती थी
सौंधी सी महक के रुप में
यूं ही चारों तरफ...

एक ऐसा भी पल था
जो उन्मुक्त होकर
अक्सर लेता था टक्कर
समय की सीमाओं से
समुन्दर के आगोश में उठती
उन चंचल लहरों की तरह
जो इतनी जिद्दी थी
कि उन्हें खुद समुन्दर भी
रख ना पाया
अपने काबू में कभी...

सोच ले जाती है अक्सर
जीवन के उन पुराने पन्नों की ओर
जहाँ मेरा होना या ना होना
तय होता था
तुम्हारे होने या ना होने से...
लेकिन यथार्थ,
यथार्थ तो डरावना है बहुत
उस धुंधले से सपने की तरह
जहाँ मेरे नन्हे से पलों में
तुम्हें पाने की ख़्वाहिश
लेती रहती हैं सांसे
जबकि तुम्हारे उन्मुक्त पल
वार करते हैं अक्सर
मेरे उन्ही नन्हे से पलों की
जीवंतता पर...

जैसे मिट्टी की सौंधी सी महक
कभी मन से भुलायी नहीं जाती
और समुन्दर की चंचल लहरें
कभी संभली हुयी पायी नहीं जाती
उसी समीकरण के अनुरूप
ना तुम मुझे भुला सकते हो
ना मैं तुम्हें पा सकती हूँ...
कौन जाने,
क्या पता इसी को कहते हैं
पलों के बीच का
असंतुलित समीकरण...

Saturday, September 7, 2013

झूठ

एक रोज़ हुआ था कुछ ऐसा 
कि हाथ खाली थे मेरे,
ना  संभावनाएं थी,
ना संवेदनाएं थी,
और ना ही था 
परिस्थितियों के हिसाब से 
अधबुनी उम्मीदों का ताना-बाना… 
उस  रोज़,
पहली बार निकला था 
मेरे मुंह से 
सच्चाई की मानिंद 
सबके दिलों में उतरता,
सबको खुश रखता,
एक सफ़ेद झूठ… 
कभी सुना था 
ना जाने किस के मुंह से,
कि एक झूठ
जो दे जाये किसी को
तमाम खुशियाँ,
तकलीफ देने वाले सच से
कहीं बेहतर है,
पर इस कथ्य के बाद 
बेहतर तो कहीं कुछ भी ना हुआ…

लोग मौका देखकर 
बदल देते हैं अपने रूप,
जीते हैं एक मायाजाल में फंसी 
दबी-घुटी सी ज़िन्दगी,
रखते हैं सबके साथ-साथ 
खुद को ही धोखे में 
और जी खोलकर बोलते हैं झूठ 
अपनी बदतर परिस्थितियों में 
खुद को खड़े रखने के लिए… 
उस "बेचारे" झूठ को तो 
ये भी नहीं मालूम होता 
कि  किस इंसान की 
किस परिस्थिति में 
किस कदर उसे 
बनना मिटना पड़ता है,
अगर झूठ चल गया तो 
"क्या बात है, भई"
और जो चल ना सके तो 
"झूठ के पाँव नहीं होते,
आखिर कब तक भागता"… 

उस रोज़,
जब बोला था मैंने झूठ,
खुद को परिस्थितियों 
और परेशानियों के तराजू में तोलकर,
तो आँख बंद करके 
कर लिया था यकीन 
तुमने, उसने, सबने 
और दे डाली थी 
मेरे झूठ को 
एक मूक स्वीकृति 
और मुझे एक मौन शाबासी… 
तब समझ आया था मुझे 
कि एक झूठे को अपनाने की हिम्मत 
दूसरा झूठा ही कर सकता है,
इसलिए तो झूठा होकर 
एक झूठे को अपनाना 
इस दुनिया का 
सबसे आसान काम है,
लेकिन ये भी 
हर किसी के बस की बात नहीं… 

Wednesday, May 8, 2013

यादों की पोटली ...

चुन-चुन कर मैंने 
समेट लिया 
तुम्हारी यादों का कारवाँ 
और बना ली एक पोटली ...
दिल की ना सुन कर 
लगाया जोर दिमाग पर 
कि कहीं कोई याद 
बाकी तो ना रह गयी ...
दिमाग ने भी चुपचाप 
लगा दी मुहर 
और मार दिया ताना 
मुझ पर हँसते हुए 
कि 'सब समेटने के बाद 
कुछ भी बिखरा नहीं रहता- 
ओ पागल लड़की' ...

अब बस मैं थी, तन्हाई थी,
और थी मेरी नज़रों के सामने 
तुम्हारी यादों की पोटली,
तुम्हारे दिए हुए
लाल जोड़े के साथ रखी हुयी ...
कभी मैं देखती 
तुम्हारी तस्वीर को,
कभी मैं सोचती 
खुद की तकदीर को,
कभी महसूस करती 
यादों की पोटली से झांकती हुयी 
तुम्हारी याद को ...

तभी अचानक से लगा 
कि हंस रही है तुम्हारी तस्वीर 
मेरे चेहरे पर
कई भाव देखकर,
पूछ रहा है वो सुर्ख लाल जोड़ा 
कि क्यों बाहर निकाला मुझे 
खुद से दूर करने के लिए,
चिढ़ा रही है मुझे 
वो यादों की पोटली
कि रह सकती है हमसे दूर होकर 
तो शौक से समेट ले हमें 
और निकाल बाहर कर 
दिल और दिमाग की गहराई से ...

ऐसा लगा 
कि जैसे इन सब के बीच 
कहीं दूर भटक गयी थी मैं 
यादों और हक़ीकत के बीच,
आखिर ये चुनाव मेरा ही तो था 
कि किसके साथ करनी है बसर
मुझे अपनी बची हुयी ज़िन्दगी ...
इस बार मैंने दिमाग की ना सुनकर 
लगाया दिल पे जोर 
और सुनी एक दबी हुयी 
मगर प्यारी सी आवाज़-
"तुम्हारी यादों से खूबसूरत 
तो कुछ भी हो नहीं सकता ..."
बस यही सोच कर 
हो गया था फैसला 
और चुन लिया था मैंने 
तुम्हारी यादों और ज़िन्दगी की हक़ीकत  में से 
तुम्हारी यादों को ...

आधी रात बीत गयी थी 
तुम्हारी यादों की पोटली समेटने में,
आधी बीत रही है 
तुम्हारी यादों को फिर से 
अपने आसपास बिखेरने में,
और इस समेटने-बिखेरने के बीच 
मैं भी बनती जा रही हूँ 
तुम्हारी यादों की पोटली की 
एक 'मासूम' सी याद ...

Thursday, May 2, 2013

अजनबी...

अजनबी होना
दूसरों के लिए, 
शायद
बचा लेता है हमें
गुनाहगार साबित होने से,
लेकिन
होना अजनबी खुद ही से
खड़ा कर देता है
कई सारे ऐसे सवाल,
जिनके जवाब चाहके भी
कभी नहीं मिल पाते...
आख़िर,
हम उस वजूद से
पूछ नहीं पाते कभी
कि बता तेरी रज़ा क्या है
क्यों तू हमारा होकर भी
हम ही से रह जाता है अजनबी...

अक्सर,
धोखा दे देता है हमें
शीशे का एक टुकड़ा भी
क्योंकि छिपा देता है वो
हमारे मन की सच्चाई को
चेहरे के परदे से…
किसी अजनबी से लड़ना
इस ज़माने में
कोई बड़ी बात नहीं,
बड़ी बात तो है
खुद ही से लड़ते रहना
तमाम-उम्र,
खुद की ही पहचान के लिये…

Wednesday, May 1, 2013

एक प्याली चाय...

सुबह-सुबह की पहली किरण
सीधे खिड़की से छन के
मेरे चेहरे पर
रौशनी और गर्मी की
प्यारी सी थपकी देती रही
और मुझे लगा
जैसे तुम्हारे नर्म हाथ
मेरे बालों से खेलते हुए
मेरे गालों तक आ पहुंचे हो…
तुम्हें देखने के ख़याल से,
तुम्हारी छुअन के एहसास से
अनायास ही,
मुस्कुरा उठे थे मेरे लब
और याद आया मुझे
वो एक लम्हा
जब धीरे से मेरे कान में
ये कह कर
"तुम नींद में मुस्कुराती हुयी
बड़ी प्यारी लगती हो",
तुम करते थे
मेरे दिन की शुरुआत...
बिस्तर के किनारे रखी पुरानी मेज
और उस पर सजी
एक प्याली चाय
अब भी करती है इंतज़ार तुम्हारा,
कि उसे भी आदत है
पहले तुम्हारे होठों से लगने की,
फिर तुम्हारे हाथों से
मेरे होठों तक पंहुचने की…
आज भी जब
मैं जी रही हूँ बस
तुम्हारी हसीन यादों के सहारे,
सुबह-सुबह की ये
एक प्याली चाय
बन गयी है मेरी हमराज़,
करती है हर सुबह
तुम्हारी ही तरह
मेरे उठने का इंतज़ार 
और करती है मुझे
तुम्हारी ही तरह
"मासूम" सा प्यार...

Thursday, April 25, 2013

मेरे अरमानों की चादर

बेख़बर थे तुम कुछ ऐसे
मेरी नज़रों के सामने
गहरी नींद में सोये हुए,
कि तुम्हें आज तक भी 
चल ना पाया 
इस बात का पता 
कि अपनी पसंद की 
रेशमी सफ़ेद चादर में,
कई सिलवटों के साथ 
तुम्हें मासूमियत से सोता देख 
उड़ जाती है कहीं दूर 
मेरी आँखों से नींद...

ना जाने कितनी रातें 
बीत गयी हैं यूँ ही 
तुम्हें एकटक देखते-देखते 
और उस मीठे से सपने को 
अपने मन में सोचते-सोचते,
जो तुम्हारी नींद की गहराई से भी 
तुम्हारे चेहरे पर ल देता है 
कई रंगों की मुस्कान...

हर रात सजाती हूँ मैं 
अनगिनत अरमानों के सपने,
सिलती हूँ उन्हें फिर 
विश्वास के धागे से 
और बड़ी मेहनत से 
बना कर एक प्यारी सी चादर,
ओढ़ा देती हूँ तुम्हें, 
ताकि तुम्हारी उस 
रेशमी सफ़ेद चादर की सिलवटें 
कर ना सकें मुकाबला 
मेरे अरमानों की चादर से...

Sunday, April 21, 2013

दरिया...

एक दरिया था 
महकते जज़्बातों  का,
जो तब-तब उमड़ता था 
जब-जब तेरा ज़िक्र 
मेरे कानों से गुज़रता हुआ 
सीधे जा पंहुचता था 
मेरे दिल की गहराई में ...

इस जज़्बाती दरिया ने 
कभी तुझे निराश किया हो 
ये मुमकिन नहीं,
आखिर तेरे लिए ही
इस दरिया का महकना 
बन गया था 
इस दरिया की नियति ...

आज तू नहीं,
तुझसे जुड़ी कोई याद नहीं,
कोई महकते जज़्बात नहीं 
और ना ही है 
वो उमड़ता हुआ सैलाब 
इस दरिया में ...

सूख चूका है 
ये जज़्बाती दरिया 
तेरी प्यास बुझाते बुझाते,
रह गए हैं बस
पत्थर और मटमैली धूल   
कि तू अब लौट के आने की 
ज़हमत मत उठाना ...

तुझे अपनाने के लिए 
बहाना होगा मुझे 
नये जज्बातों को 
जो मुमकिन नहीं मेरे लिए, 
क्योंकि अब फिर से 
उस सैलाब को बहाने के लिए 
खोदना होगा तुझे 
मेरे दिल की ज़मीन को 
जो मुमकिन नहीं तेरे लिए ... 

Saturday, March 16, 2013

नियति ...

लोग कहते हैं,
उसे जाने दो 
जो कभी तुम्हारा था ही नहीं 
और अगर वाकई 
वो तुम्हारा होगा 
तो आयेगा वापस 
मुस्कुराते हुए 
फिर से तुम्हारे ही पास 
मीलों की दूरी करके तय...

चुपचाप, बेबस, लाचार,
मान लेती हूँ  मैं 
वक़्त के इस ज़ख्म को 
अपनी नियति मानकर,
आख़िर
तुम्हारा दूर जाना 
एक ज़ख्म ही तो है 
मेरी आत्मा पर...
मुझे आदत  जो नहीं है 
तुम्हारे एहसास को भूल कर 
महफ़िल में मुस्कुराने की 
और पथरायी आँखों में 
तुम्हारे गुलाबी, महके हुए 
सपने सजाने की...

अपनी मर्ज़ी से आना तुम्हारा, 
वक़्त की मर्ज़ी से जाना तुम्हारा, 
और बीच में हूँ मैं 
किसी पेंडुलम की तरह 
निर्लक्ष्य झूलती हूयी 
तुम्हारी मर्ज़ी 
और वक़्त की मर्ज़ी के बीच,
क्योंकि मेरे पास 
है ही नहीं मेरी मर्ज़ी 
जोकि तुम्हें पा सकूँ,
तुम्हें चाह सकूँ,
तुम्हें रोक सकूँ...

मेरे पास तो है बस 
मेरी नियति 
वक़्त से, हालातों से 
और तुमसे लड़ती हुयी...

Friday, August 3, 2012

दर्द...

कुछ शब्द,
जिनका अर्थ शायद कोई
समझ ना सके,
अपने मायने खो देता है...


कुछ ज़ख्म,
जिनका दर्द शायद कोई
महसूस ना कर सके,
अपने एहसास खो देता है...


कुछ शब्द समझा नहीं पाते
दर्द के एहसास को,
और कुछ दर्द ऐसे भी हैं
जो शब्दों में बयान नहीं हो पाते...


क्यूँ जुबां तक आते-आते
दर्द आँखों से बह जाता है,
और क्यूँ ज़ख्मों को वक़्त पर
शब्द नहीं मिल पाता है...


क्यूँ उम्मीदों को हमेशा
ठोकरें मिला करती हैं,
और क्यूँ सपनों को हमेशा
हकीकत छला करती हैं...


आस-पास कोई अपना नहीं,
आँखों में कोई सपना नहीं,
गुज़रती ज़िन्दगी में कल नहीं,
हँसते-मुस्कुराते दो पल नहीं...


बस ये दर्द ही साथ रहता है,
जिंदा होने का एहसास रहता है...

Saturday, May 26, 2012

संपूर्ण प्रेम और मनुष्य

मनुष्य,
जो पैदा हुआ है
अपने जीवन के कुछ महत्वपूर्ण,
कुछ अर्थपूर्ण उद्देश्य को
प्राप्त करने के लिए,
मुश्किल से समझ पाता है
अपने जीवन के
उन्हीं उद्देश्यों को...

कई तरह के उद्देश्यों में से,
शायद,
संपूर्ण प्रेम के अर्थ को समझना ही
मनुष्य का सबसे अहम्,
सबसे जीवंत उद्देश्य हो...

प्रेम का अस्तित्व
कहीं और नहीं मिलता,
संपूर्ण सृष्टि की,
संपूर्ण शक्ति से,
अपनी मानसिक चेतना को
जागृत करने पर
स्वतः ही ये ज्ञात हो जाता है
कि संपूर्ण प्रेम का आधार
स्वयं मनुष्य के भीतर ही है...

इस सृष्टि का
बेहतर और बदतर होना,
मनुष्य के स्वयं के
बेहतर और बदतर होने से जुड़ा है...

संपूर्ण प्रेम की ताकत  ही
मनुष्य को बेहतर बना सकती है,
क्योंकि मनुष्य की चेतना
संपूर्ण प्रेम से जागृत हो कर,
मनुष्य को हमेशा
बेहतर से बेहतर बनाने की ही
चेष्टा करती है...

और अंततः
वो एक क्षण आ जाता है
जब मनुष्य को
ये ज्ञात हो जाता है
कि उसके जीवन का
अब तक का अनजाना उद्देश्य
क्या है,
संपूर्ण प्रेम का अर्थ
क्या है,
और उसका मनुष्य होना
क्या है...

Monday, May 7, 2012

काश तुम साथ चलते...

कठिन था बहुत मेरी मंज़िल का सफ़र,
बड़ी उम्मीद थी तुमसे, काश तुम साथ चलते...

ख़बर थी मुझे कि तमाम-उम्र कोई साथ नहीं देता,
दो चार कदम  ही सही, काश तुम साथ चलते...

तुम्हारे आने की आहट ने जगाया मुझे ख़्वाबों से,
हक़ीकत ना सही ख़्वाबों में ही सही, काश तुम साथ चलते...

खिली धूप, महकती राह में हमें साथ चलना था,
वीराने भी बहार बन जाते, काश तुम साथ चलते...

इक मेरे दिल को ही नहीं थी आरज़ू तेरी जुस्तजू तेरी,
मैंने ज़िन्दगी तुझपे वारी थी, काश तुम साथ चलते...

समझा के मुझे बेफ़िक्री से तुम अपनी राह निकल गए,
साथ होते तो ये मंज़र बदलता, काश तुम साथ चलते...

खुद ही फ़ैसला कर के मुझे तनहा छोड़ दिया तुमने,
खाके मेरी तन्हाई पे तरस, काश तुम साथ चलते...

माना की रिश्तों में बड़ा दर्द था, बड़ी तकलीफ़ थी,
मेरी मुहब्बत को याद करके ही सही, काश तुम साथ चलते...

Wednesday, January 18, 2012

ख़्वाब टूट गया...

कितनी मुद्दतों के बाद

कल रात मिले थे

जब ख़्वाबों में हम,

तुम्हारे अक्स को देखा

और हकीकत मान लिया मैंने...

कंपकंपाती हुयी उँगलियों से

छूकर तुम्हारे चेहरे को

महसूस करना चाहा था जब,

बड़ा सर्द था वो एहसास

तुम्हारी छुअन का...

महकती हुयी सी खुशबू

जो हर घड़ी, हर लम्हा

मेरे अरमानों से जुड़ी रहती है,

ख़्वाबों में भी बांधे रखती थी

मेरा तुम्हारा दामन...

आज क्यूँ ऐसा हुआ

कि तुम्हारा मेरे सामने होना

मुझे प्रतीत न हुआ!

तुम्हारी छुअन, तुम्हारी महक

मुझे महसूस ना हो सकी...

माना कि ख़्वाबों और हकीकत में

ज़मीन से फ़लक का फासला है

पर एक रोज़,

मेरी ज़ुल्फों के साये में

बड़ी मासूमियत से तुमने ही कहा था

कि हमारे दरम्यान कोई फासला नहीं,

कोई बंधन नहीं...

फिर क्यूँ आज ख़्वाबों में

तुम्हे छूना, तुम्हे महसूस करना

मेरे लिए मुमकिन ना था!

तुम्हे पाने की चाहत मेरी

ख़्वाबों में भी पूरी ना हो सकी,

तरसती हुयी छलकती आँखें

संजो ना सकी तुम्हे पाने का अरमान

और हमेशा की तरह फिर से

मुद्दतों बाद देखा हुआ ख्वाब,

एक पल में ही टूट गया...

Monday, January 16, 2012

तलाश...

ज़िन्दगी भर
बस भागते ही रहना,
एक अनजानी तलाश के पीछे,
जहाँ कुछ भी हाथ नहीं आता,
जहाँ कुछ भी मन नहीं पाता,
झुंझला के रख देता है मुझे...
आज तक ये ना समझा मन
कि इसे तलाश किसकी है,
और यही अनजानी, अनसुलझी तलाश
कभी पूरी ना हो पाई,
गोया मेरी किस्मत में
बस भागना ही लिखा है...
ज़िन्दगी जीने के वक़्त
बेसबब भागना
ना तो तलाश पूरी करता है,
ना ही ज़िन्दगी जीने देता है
और धीरे-धीरे
हाथ से छूटता जाता है सबकुछ
पीछे,
कहीं दूर...

Tuesday, November 8, 2011

बड़ी-बड़ी काली आँखों के सपने...

वो करती थी मुझसे
अपने सपनों की बातें
मेरे सीने से लिपट कर,
और चौंधियां जाती थी
उसकी बड़ी-बड़ी काली आँखें
ढेर सारी खुशियों से...
उसका चहकना वैसा ही होता,
जैसे पहली बार
किसी चिड़िया का बच्चा
अपने पंख फैला कर
फुदकता हुआ निकल पड़ता हो
नापने सारा आसमान...

उसके सपने भी
कुछ ऐसे ही मदमस्त होते,
हाथ बढ़ा कर आसमान छूने की चाहत
किसे नहीं होती आखिर...
पर उसकी बड़ी-बड़ी काली आँखें,
बयां कर देती
उसके सपनों की बुनियाद को,
उम्मीद को, हौसले को...

फिर अचानक होता था,
उसके सपनों पर प्रतिघात
और बिखर जाते थे
उसके मासूम, प्यारे से सपने
ठीक वैसे ही,
जैसे कि एक नाज़ुक गुलाब को
जब तोड़ा जाता है डाली से
जबरदस्ती, ज़ोर लगा कर,
तो छन से बिखर जाता है वो
कई पत्तियों में...

लेकिन हर बार
वो फिर से करती कोशिश,
समेटती अपने सपने
और बसाती उनको
अपनी बड़ी-बड़ी काली आँखों में...
फिर से हौसला देती
अपने सपनों की बुनियाद को,
एक नयी उमंग से
और उठ खड़ी होती
इन सपनों के दम पे,
अपनी नियति से लड़ने को...

Monday, November 7, 2011

फ़र्क...

मैं, मैं हूँ
तुम, तुम हो...
मैं कभी "तुम" नहीं हो सकती,
तुम कभी "मैं" नहीं हो सकते.
मेरे और तुम्हारे बीच
सिर्फ़ एक शरीर की संरचना का फ़र्क नहीं,
बल्कि फ़र्क 
सोच का, संवेदनाओं का,
सपनों का, भावनाओं का,
हृदय और मस्तिष्क से
काम करने की प्रवृत्ति का...
ये कुछ फ़र्क
तुम्हें "तुम" बनाते हैं
और मुझे "मैं"...
तुम जहाँ कुछ खोना नहीं जानते,
वहीं मैं कुछ पाना नहीं जानती.
क्योंकि तुम कभी कुछ खोते नहीं,
और मैं हर बार कुछ पाती नहीं...

Wednesday, October 12, 2011

ज़िद...

बरसती शाम में
मिट्टी की महकती खुशबू
कभी करती है इशारा,
मेरे घर के आँगन में
तेरे आने का...
गरजते हुए बादल
सुना देते हैं मुझे
तेरे क़दमों की आहट...
मचल उठता है
ये बावरा सा मन
तेरे चेहरे की बस
एक झलक पाने को...
तभी तो ख्यालों में सजी
तेरी मासूम सी सूरत,
उड़ते-बिखरते बादलों में
बनती-बिगड़ती दिखती है...
फिर तुझे पाना,
तुझे हौले से छूना,
मेरे लिए बन जाता है
एक नादान से बच्चे की
शरारत भरी ज़िद...