Sunday, May 8, 2011

माँ...

माँ,
एक ऐसा शब्द
जो समेटे है अपने आप में एक दुनिया,
जो बाँट दे निःस्वार्थ भाव से सारी खुशियाँ...
माँ,
एक ऐसा शब्द
जो है सहनशीलता की निशानी,
झेलती आई है पीड़ा सदियों पुरानी...

हर इंसान का अस्तित्व माँ ने बनाया है,
फिर क्यों इंसान
अपनी माँ को ही छलता आया है??
लोगों की इस भीड़ में,
दुनिया की इस लडाई में,
अपनी माँ को ही भुलाता आया है
और अपनी हर गलती के लिए,
माँ को ही रुलाता आया है...

फिर भी
माँ हर दुःख सहती है,
दिखाने के लिए ही सही
पर हमेशा खुश रहती है...
पर क्यों,
और आखिर क्यों??

क्योंकि
वो तो बस माँ है,
ममता का जीता-जागता संसार है...

Tuesday, May 3, 2011

प्रतीक्षा...

ना जाने कब

इन पलकों को आराम मिलेगा,

दरवाज़े पर नज़रें गड़ाये रहने से...

कब पड़ेगा पहला कदम तुम्हारा

मेरी दुनिया में, मेरे सपनों में,

मेरी ज़िन्दगी में

और कब ख़त्म होगी मेरी प्रतीक्षा...??


तुम्हारी ये प्रतीक्षा

वेदना के सिवाय क्या देती है??

वो दुःख अन्दर तक

घायल कर देता है

और अंतर्मन में बसी

तुम्हारी तस्वीर

जैसे हंसती है मुझ पर,

मेरी तन्हाई पर...


पर तुम्हे इससे क्या??

तुमने तो कसम खायी है

मुझसे न मिलने की,

मुझसे लुका-छिपी खेलने में ही

शायद तुम्हें आनंद मिलता हो...


पर क्या

इन आँखों से बहते आंसू

और साँसों की बढ़ी हुयी रफ़्तार भी

तुम्हें विचलित ना कर सकी??

कभी तो

मुझसे मिलने आते,

कभी तो

मेरे संदेशों का जवाब देते,

कभी तो

मेरी हालत पर तरस खाते,

और अहसान समझ के ही सही

मुझसे मिलने आ जाते...


तब शायद किसी दिन

मेरी पलकों को आराम मिल जाता,

मेरे सपनों को नया आयाम मिल जाता,

और तुम्हारी प्रतीक्षा में

मेरा जीवन सफल हो जाता...

Tuesday, March 29, 2011

चाहत...

बनके खुश्बू हवाओं में बिखर जाने की चाहत,
आवारा उड़ते हुए बहुत दूर तक पँहुच जाने की चाहत..

सागर की उन्मादी लहरों में सबकुछ लिखने की चाहत,
बूँद-बूँद में इक नज़्म को समा लेने की चाहत..

घण्टों एकटक सूरज को आँखें दिखाने की चाहत,
हाथ बढ़ा कर उस चमकते चाँद को पा लेने की चाहत..

बिना चिंगारी के गीली लकड़ियाँ सुलगाने की चाहत,
बिना सोए पलकों में हसीन ख़्वाब जगाने की चाहत..

बनके धड़कन हमेशा तेरे दिल में धड़कने की चाहत,
बनाके तुझे धड़कन अपने दिल में धड़काने की चाहत..

Wednesday, February 9, 2011

मेरे अतीत के साये...

दूर तक जाते हुए
अकेले विरान रास्तों में,
मेरे साथ-साथ कुछ
अलग से, अनजाने से साये
चलते हुए महसूस होते हैं हमेशा...
गौर से देखने पर,
यूँ लगता है कि जैसे
काफी जाने-पहचाने हैँ वो...
शायद,
मेरे अतीत के साये हैं वो...

रात में जब कमरे की
बत्ती बंद हो जाती है
और फैल जाता है
एक सुनसान अँधेरा चारों तरफ,
तब भी मेरे सिरहाने पर बैठकर
और प्यार से मेरी आँखों मेँ
मचल कर,
अपना वजूद याद दिलाते हैँ वो...
क्योंकि,
मेरे अतीत के साये हैं वो...

किसी बगिया मेँ
फिरते हुए भँवरे की तरह,
मेरी यादेँ और ख़्वाहिशें भी
भटकती रहती हैं,
किसी बहार के इंतज़ार में...
फिर किसी दिन,
जब मन में होती है
खुशियों की आहट,
तो सब झूमते हैं इतना
कि वर्तमान में आ जाते हैँ
मेरे अतीत के साये...

Saturday, January 29, 2011

तुम्हें करके शामिल...

मर के इक दिन मिट्टी में मिल जाना है मुझे,
उसी मिट्टी में बनके फूल, खिल जाना है मुझे...

चुपके से तुम्हारे सपने में आ जाना है मुझे,
उसी सपने में तुम्हें चुरा के, पा जाना है मुझे...

बारिश के बाद की उजली रात सा हो जाना है मुझे,
उसी रात में इक चमकता चाँद, हो जाना है मुझे...

जुदा हो कर भी तुम्हारी दुआ बन जाना है मुझे,
उसी दुआ में तुम्हारी याद, बन जाना है मुझे...

तुम्हारी चाहत में बनके आँसू बह जाना है मुझे,
उसी आँसू में जुदाई का गम भी, सह जाना है मुझे...

चंद लम्होँ की ज़िन्दगी में दो पल बिता ले जाना है मुझे,
उसी पल में सबको हसीन खुशियाँ, दे जाना है मुझे...

तेज़ आँधियों में भी अपना वजूद पहचान जाना है मुझे,
उसी वजूद मेँ तुम्हें करके शामिल, अपना मान जाना है मुझे...

Thursday, December 2, 2010

तुम...

सुबह-सुबह जब आँखें खोलूँ,
याद तुम्हारी आ जाती है..
पलकोँ के बंद दरवाज़े से भी
अंतर्मन मेँ बस जाती है..

कभी नहीं श्रँगार किया पर,
अब सजना अच्छा लगता है..
पहले मिलन की बेला का,
हर सपना सच्चा लगता है..

बारिश की बूँदों में अब तो,
अक्स तुम्हारा दिखता है..
अनजानी सी इस दुनिया में,
एक शख़्स हमारा दिखता है..

लम्बी काली रातें कटती हैं,
तारों से बातें कर-कर के..
हर पल तुमको याद करुँ मैं,
मन में आहें भर-भर के..

कब तक रस्ता ताकूँ मैं अब,
जल्दी से तुम आ जाओ..
भगवान मेरे तुम पूजूँ तुमको,
मेरे मन मंदिर में बस जाओ..

Monday, October 25, 2010

वो मुलाकात...

ना जाने कैसी थी वो मुलाकात,
जब ना होंठ हिले,
और ना पलकें खुली...
शब्द कहीं खो गए थे,
और निगाहें कहीं गुम सी गयी थी...

उस एक पल में तेरा पास आना,
और धीरे से मेरे हाथों को थामना...
कैसी सिरहन सी दौड़ गयी थी,
और धड़कन भी थम सी गयी थी...

हर तरफ बस ख़ामोशी का साया था,
अनकही बातों को नज़रों ने सुनाया था...
बस तुम थे, मैं थी और तन्हाई थी,
सारी दुनिया हमारे दरमियाँ सिमट आई थी...

कैसी थी वो मुलाकात
जब हर बात ख़ास थी,
गुलाबों सी महकती हुयी शाम
और दूर तक नज़रों में तुम ही तुम,
अलग एहसास था उस पल का...

पर ये क्या हुआ अचानक!!
तुम दूर, बहुत दूर जा रहे थे...
मेरे हाथों से तुम्हारे हाथ फिसल रहे थे,
रोकना चाहा था तुम्हें बहुत
पर तुम रुक न सके...
शायद तुमसे मुलाकात का समय
ख़त्म हो चुका था मेरे लिए,
और तुम नज़रों से ओझल हो चुके थे...

गुलाबी महकती शाम
सर्द हो चुकी थी,
अब बस मैं थी और तन्हाई थी,
पर तुम कहीं ना थे...

अब भी ख़ामोशी थी,
पर कुछ कहने के लिए
तुम्हारी नज़रें नहीं थी...
होंठ अब भी सिले थे,
शब्द अब भी खोये थे,
पर तुम जा चुके थे मेरी दुनिया से,
कभी ना मिलने के लिए...

मुलाकात गुज़र चुकी थी,
वो ख़ास लम्हा अतीत बन चुका था,
और ज़िन्दगी बंद होंठों सी
खामोश हो चुकी थी...

Thursday, October 14, 2010

नज़र नहीं आया...

सबसे दूर कहीं छुप जाने के लिए,
एक ज़रिया भी दिखा नहीं,
और यादों से बच निकलने का,
कोई रास्ता नज़र नहीं आया...

भटकते रास्तों में साथ चलने को,
एक मुसाफ़िर मिला नहीं,
और मुझे पहचानने वाला दूर तक,
कोई शख्स नज़र नहीं आया...

पल भर रुक कर सुस्ताने के लिए,
कहीं छाया भी नसीब नहीं,
और एक अदद बाग़ तो क्या,
कोई शज़र नज़र नहीं आया...

आखिरी बार मिले उस मोड़ पर,
फिर मुड़कर देखा कभी नहीं,
और तेरी गलियों में जाने वाला,
कोई रास्ता नज़र नहीं आया...

कई ज़माने तक एक ही ख्वाब देखा,
जो हकीकत बना कभी नहीं,
और अब कई रातों से आँखों में,
कोई ख्वाब नज़र नहीं आया...

हर तरफ़ वो प्यादे ही चाल चलते रहे,
जो सामने दिखे कभी नहीं,
और ज़िन्दगी के खेल में लड़ने वाला,
कोई सिकंदर नज़र नहीं आया...

हादसों ने कर दिया मुश्किल जीना
फिर चैन भी मिला कभी नहीं,
और थोड़ी सी ख़ुशी बरसाने वाला,
कोई बादल नज़र नहीं आया...