Thursday, August 4, 2011

नींद...

कई दिन से
वो सोया नहीं था...
नसीब में नहीं थी उसके
सर छुपाने को छत,
आराम करने को बिस्तर
और पापी पेट की भूख मिटाने को
दो जून की रोटी...
भूखे पेट ने छीन ली
उसकी नींद, उसका चैन...
करवटें बदलते कटती थी
उसकी सारी रातें...
 
जागते हुए, भटकते हुए,
एक दिन मिला उसे आशियाना
बिना छत का, दीवारों का
जहाँ बस रात कटती थी,
तारों की चादर
और खुले आसमान के नीचे...
 
जो दीवार और छत के बने घरों में रहते,
वो उसके आशियाने को
फूटपाथ कहते थे,
पर उसे फ़र्क नहीं पड़ा कभी...
क्योंकि इसी फूटपाथ ने
उसे नींद दी,
चैन की नींद...
 
कई दिन से जगी उसकी आँखें
फूटपाथ में लेटते ही
बोझिल होने लगती...
आज वो गरीब होके भी
शायद दुनिया में खुद को
औरों से अमीर समझता होगा...
बड़े-बड़े महलों में, घर में
आज प्यार नहीं, अपनापन नहीं,
चैन की नींद नहीं, सुकून नहीं,
भागते-दौड़ते कटती ज़िन्दगी ने
सबसे पहले नींद ही छीनी...
 
पर,
वो गरीब
तेज़ रफ़्तार से भागती
चमचमाती गाड़ियों के शोर में भी
चैन की नींद
सोता था फूटपाथ में...
वो गरीब था,
पर दिन भर मेहनत मजदूरी कर
रात को मैली फटी चादर ओढ़े
मज़े से सोता था,
क्योंकि उसे नींद आती थी
जो शायद पैसों के पीछे भागते,
ऐशो-आराम तलबगार लोगों को
अब नसीब नहीं होती...

Sunday, July 24, 2011

तुम्हारी अभिलाषा...

तुम्हारे सिवा बाकि नहीं रही
मेरी कोई और अभिलाषा...

मेरे सपनों की कल्पना भी जैसे
दूर तक भटकने के बाद,
तुम पर ही आकर ठहर सी गयी है...
शायद तुम्हारा स्पर्श ही
मेरे सपनों को यथार्थ बनाता है...

मेरे जीवन-संगीत का सुर भी
तुम्हें सोच कर, तुम्हें चाह कर
छेड़ देता है एक मधुर तान...
शायद तुम्हारा ख्याल ही मेरे
सुरों को संगीत देता है
और मेरे जीवन को झंकृत करता है...

सावन में बरसता रिमझिम पानी,
जैसे पल भर में मिटा देता है
बरसों से अतृप्त धरती की प्यास को,
तुमने भी कुछ वैसे ही
भिगो दिया है मेरा सूखा आँचल...
शायद मेरे मन की अतृप्त प्यास को
तुम्हारे सिवा कोई समझ नहीं सकता...

हर एक क्षण में तुम्हारा व्यक्तित्व
मुझे अचंभित करता है...
न जाने क्यूँ एक अलग सा खिंचाव,
एक अलग सा सम्मोहन है तुम में...
जबकि तुम्हारी आँखों में
कोई रहस्य नज़र नहीं आता...
वहां बस एक मासूम सी, शोखी ली हुयी
चंचलता नज़र आती है...
शायद तुम्हारी यही चंचलता
जीवन में नयी चमक देती है
और मेरे भीतर के बचपन को
कभी मरने नहीं देती...

हाँ मुझे है तुम्हारी अभिलाषा,
क्योंकि तुम्हारा साथ कभी भी
मुझे भटकने नहीं देता...
तुम्हारा कोमल सा, नरम सा स्पर्श
मुझे कोई तकलीफ नहीं देता...
तुम्हारा मेरे जीवन में होना
मुझे कभी शुन्य नहीं होने देता...
शायद ये तुम्हारी अभिलाषा ही है,
जो मेरे जीवन को संपूर्ण बनाती है...

Sunday, May 8, 2011

माँ...

माँ,
एक ऐसा शब्द
जो समेटे है अपने आप में एक दुनिया,
जो बाँट दे निःस्वार्थ भाव से सारी खुशियाँ...
माँ,
एक ऐसा शब्द
जो है सहनशीलता की निशानी,
झेलती आई है पीड़ा सदियों पुरानी...

हर इंसान का अस्तित्व माँ ने बनाया है,
फिर क्यों इंसान
अपनी माँ को ही छलता आया है??
लोगों की इस भीड़ में,
दुनिया की इस लडाई में,
अपनी माँ को ही भुलाता आया है
और अपनी हर गलती के लिए,
माँ को ही रुलाता आया है...

फिर भी
माँ हर दुःख सहती है,
दिखाने के लिए ही सही
पर हमेशा खुश रहती है...
पर क्यों,
और आखिर क्यों??

क्योंकि
वो तो बस माँ है,
ममता का जीता-जागता संसार है...

Tuesday, May 3, 2011

प्रतीक्षा...

ना जाने कब

इन पलकों को आराम मिलेगा,

दरवाज़े पर नज़रें गड़ाये रहने से...

कब पड़ेगा पहला कदम तुम्हारा

मेरी दुनिया में, मेरे सपनों में,

मेरी ज़िन्दगी में

और कब ख़त्म होगी मेरी प्रतीक्षा...??


तुम्हारी ये प्रतीक्षा

वेदना के सिवाय क्या देती है??

वो दुःख अन्दर तक

घायल कर देता है

और अंतर्मन में बसी

तुम्हारी तस्वीर

जैसे हंसती है मुझ पर,

मेरी तन्हाई पर...


पर तुम्हे इससे क्या??

तुमने तो कसम खायी है

मुझसे न मिलने की,

मुझसे लुका-छिपी खेलने में ही

शायद तुम्हें आनंद मिलता हो...


पर क्या

इन आँखों से बहते आंसू

और साँसों की बढ़ी हुयी रफ़्तार भी

तुम्हें विचलित ना कर सकी??

कभी तो

मुझसे मिलने आते,

कभी तो

मेरे संदेशों का जवाब देते,

कभी तो

मेरी हालत पर तरस खाते,

और अहसान समझ के ही सही

मुझसे मिलने आ जाते...


तब शायद किसी दिन

मेरी पलकों को आराम मिल जाता,

मेरे सपनों को नया आयाम मिल जाता,

और तुम्हारी प्रतीक्षा में

मेरा जीवन सफल हो जाता...

Tuesday, March 29, 2011

चाहत...

बनके खुश्बू हवाओं में बिखर जाने की चाहत,
आवारा उड़ते हुए बहुत दूर तक पँहुच जाने की चाहत..

सागर की उन्मादी लहरों में सबकुछ लिखने की चाहत,
बूँद-बूँद में इक नज़्म को समा लेने की चाहत..

घण्टों एकटक सूरज को आँखें दिखाने की चाहत,
हाथ बढ़ा कर उस चमकते चाँद को पा लेने की चाहत..

बिना चिंगारी के गीली लकड़ियाँ सुलगाने की चाहत,
बिना सोए पलकों में हसीन ख़्वाब जगाने की चाहत..

बनके धड़कन हमेशा तेरे दिल में धड़कने की चाहत,
बनाके तुझे धड़कन अपने दिल में धड़काने की चाहत..

Wednesday, February 9, 2011

मेरे अतीत के साये...

दूर तक जाते हुए
अकेले विरान रास्तों में,
मेरे साथ-साथ कुछ
अलग से, अनजाने से साये
चलते हुए महसूस होते हैं हमेशा...
गौर से देखने पर,
यूँ लगता है कि जैसे
काफी जाने-पहचाने हैँ वो...
शायद,
मेरे अतीत के साये हैं वो...

रात में जब कमरे की
बत्ती बंद हो जाती है
और फैल जाता है
एक सुनसान अँधेरा चारों तरफ,
तब भी मेरे सिरहाने पर बैठकर
और प्यार से मेरी आँखों मेँ
मचल कर,
अपना वजूद याद दिलाते हैँ वो...
क्योंकि,
मेरे अतीत के साये हैं वो...

किसी बगिया मेँ
फिरते हुए भँवरे की तरह,
मेरी यादेँ और ख़्वाहिशें भी
भटकती रहती हैं,
किसी बहार के इंतज़ार में...
फिर किसी दिन,
जब मन में होती है
खुशियों की आहट,
तो सब झूमते हैं इतना
कि वर्तमान में आ जाते हैँ
मेरे अतीत के साये...

Saturday, January 29, 2011

तुम्हें करके शामिल...

मर के इक दिन मिट्टी में मिल जाना है मुझे,
उसी मिट्टी में बनके फूल, खिल जाना है मुझे...

चुपके से तुम्हारे सपने में आ जाना है मुझे,
उसी सपने में तुम्हें चुरा के, पा जाना है मुझे...

बारिश के बाद की उजली रात सा हो जाना है मुझे,
उसी रात में इक चमकता चाँद, हो जाना है मुझे...

जुदा हो कर भी तुम्हारी दुआ बन जाना है मुझे,
उसी दुआ में तुम्हारी याद, बन जाना है मुझे...

तुम्हारी चाहत में बनके आँसू बह जाना है मुझे,
उसी आँसू में जुदाई का गम भी, सह जाना है मुझे...

चंद लम्होँ की ज़िन्दगी में दो पल बिता ले जाना है मुझे,
उसी पल में सबको हसीन खुशियाँ, दे जाना है मुझे...

तेज़ आँधियों में भी अपना वजूद पहचान जाना है मुझे,
उसी वजूद मेँ तुम्हें करके शामिल, अपना मान जाना है मुझे...

Thursday, December 2, 2010

तुम...

सुबह-सुबह जब आँखें खोलूँ,
याद तुम्हारी आ जाती है..
पलकोँ के बंद दरवाज़े से भी
अंतर्मन मेँ बस जाती है..

कभी नहीं श्रँगार किया पर,
अब सजना अच्छा लगता है..
पहले मिलन की बेला का,
हर सपना सच्चा लगता है..

बारिश की बूँदों में अब तो,
अक्स तुम्हारा दिखता है..
अनजानी सी इस दुनिया में,
एक शख़्स हमारा दिखता है..

लम्बी काली रातें कटती हैं,
तारों से बातें कर-कर के..
हर पल तुमको याद करुँ मैं,
मन में आहें भर-भर के..

कब तक रस्ता ताकूँ मैं अब,
जल्दी से तुम आ जाओ..
भगवान मेरे तुम पूजूँ तुमको,
मेरे मन मंदिर में बस जाओ..